T20 world cup 2022: ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। पाक चयनकर्ताओं ने एशिया कप 2022 का फाइनल खेलने वाली टीम में ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं। लेकिन उन्होंने कुछ चौंकने वाले फैसले भी किए हैं। टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज शोएब मलिक को इस टीम में नहीं चुना गया है। जिसके बाद पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल ने चयनकर्ताओं पर सवाल उठाए हैं।
अकमल ने मलिक का चयन न होने का कारण उनके द्वारा किया गया एक ट्वीट को बताया है। एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका से हार के बाद मलिक ने ट्वीट करके पाकिस्तान क्रिकेट टीम के चयन में पक्षपात को लेकर तंज कसा था। मालिक ने सिलेक्शन कमिटी पर दोस्ती, पसंद और नापसंद के आधार पर सिलेक्शन करने का आरोप लगाया था। उन्होंने लिखा था, 'दोस्ती, पसंद-नापसंद की संस्कृति से हम कब बाहर निकलेंगे। अल्लाह हमेशा ईमानदारों की मदद करता है।'
इसपर तब अखमल ने लिखा था, ' उस्ताद जी इतना भी ईमानदार मत बनो।' पाकिस्तानी टीम का चयन होने के बाद अकमल ने कहा, 'शोएब मलिक का अनुभव अगले महीने ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के काम आता।' उनका मानना है कि मलिक को अपनी ईमानदारी की कीमत चुकानी पड़ी। उन्होंने चयन पर भी काफी सवाल उठाए।
पाकिस्तान टीम का चयन होने के बाद अकमल ने कहा, 'कई खिलाड़ी मौके के हकदार थे, खासकर मध्यक्रम में। शोएब मलिक जैसे अनुभवी खिलाड़ी का इस्तेमाल किया जा सकता था और मुझे लगता है कि ट्वीट के कारण उनका चयन नहीं हुआ। वह ईमानदार थे। मुझे लगता है कि मलिक जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को खेल में सुधार के लिए अपनी बात रखनी चाहिए।'
शोएब मलिक को टी20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए पाकिस्तानी स्क्वॉड में जगह नहीं दी गई है। पाकिस्तान का मिडिल ऑर्डर एशिया कप 2022 के दौरान कमजोर नजर आया, जिसको देखते हुए टीम में शान मसूद को शामिल किया गया है। वहीं स्टार बल्लेबाज फखर जमां को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर जगह दी गई है।
पाकिस्तान की इस टीम में तेज गेंदबाज शाहीन शाह आफरीदी की वापसी हुई है। आफरीदी दाएं घुटने में चोट के बाद मेडिकल टीम द्वारा 4 से 6 सप्ताह के आराम की सलाह दिए जाने के बाद एशिया कप से बाहर हो गए थे। वह जुलाई में गॉल में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान चोटिल हो गए थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/qsoAi5b
https://ift.tt/kMYijPF