Mitchell johnson Fights with yusuf pathan: लीजेंड लीग क्रिकेट (LLC) का क्वालीफायर मुक़ाबला भीलवाड़ा किंग्स और इंडिया कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस मैच में ऑलराउंडर यूसुफ पठान और ऑस्ट्रेलिय के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन आपस में भिड़ गए। दोनों खिलाड़ियों के बीच जमकर बहस हुई। लेकिन उसके बाद जॉनसन ने हद पार कर दी और कुछ ऐसा किया जिसके चलते उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माने के रूप में काटा गया है।
जोधपुर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भीलवाड़ा किंग्स के बल्लेबाज युसूफ पठान को जॉनसन ने 19वे ओवर में आउट कर दिया। इससे पहले पठान ने जॉनसन की खूब पिटाई की थी। उन्होंने पहली तीन गेंदों पर दो सिक्स और एक चौका लगाया था। चौथी गेंद पर जॉनसन ने पठान को डीप मिड विकेट पर कैच आउट कराया। जैसे ही पठान आउट हुए जॉनसन खुशी से झूम उठे और गुस्से में उनसे कुछ कहा। यह सुनते ही पठान जॉनसन के पास आ गए और दोनों के बीच बहस हो गई। इसी बीच जॉनसन ने पठान को धक्का दे दिया। इसके बाद अंपायर को बीच में आना पड़ा और उन्होंने दोनों को एक दूसरे से दूर किया।
इस घटना के बाद जॉनसन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और साथ ही चेतावनी भी दी गई है। घटना की जांच के बाद इस लीग के आयुक्त रवि शास्त्री की अध्यक्षता वाली अनुशासन समिति ने जॉनसन को दंडित करने और साथ ही आधिकारिक चेतावनी देने का फैसला किया।
लीग के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमन रहेजा ने कहा, '' हम इस लीग के माध्यम से गंभीर और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए यहां हैं। कल क्वालीफायर मैच के दौरान मैदान पर जो हुआ वह नहीं होना चाहिए था। किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हमने कई बार वीडियो को बारीकी से देखा है।''
बता दें इस मैच में भीलवाड़ा किंग्स की ओर से खेलते हुए युसुफ पठान ने 24 गेंद पर 48 रन की शानदार पारी खेली, हालांकि वे अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए। वहीं मिचेल जॉनसन ने चार ओवर में कुल 51 रन दे दिए और दो विकेट लेने में कामयाब रहे। भीलवाड़ा किंग्स ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 226 रन बनाए, लेकिन इंडिया कैपिटल्स ने तीन गेंद शेष रहते ही छह विकेट पर दिए गए लक्ष्य को हासिल कर लिया और मैच चार विकेट से अपने नाम कर लिया। इंडिया कैपिटल्स की ओर से रॉस टेलर ने 39 गेंद पर 84 रनों की पारी खेली, वहीं एश्ले नर्स ने 28 गेंद पर ही 60 रन ठोक दिए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/GmaNOjp
https://ift.tt/uw2SZOR