ICC टी20 वर्ल्ड कप का अगला संस्कारण 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेला जाएगा। इसके लिए मेजबान देशों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह पहली बार है जब अमेरिका में क्रिकेट वर्ल्ड कप का आयोजन होगा। इससे पहले आईसीसी ने इस मेंस टी20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में कुछ बदलाव किए हैं। अबतक इस टूर्नामेंट में 12 से 14 टीमें हिस्सा लेती थी। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस टूर्नामेंट में इस बार 20 टीमें हिस्सा लेंगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्रुप स्टेज में 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 4 ग्रुप में बांटा जाएगा। 5-5 टीमों वाले ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली 2-2 टीमों को सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा, जबकि सुपर 8 में चार-चार टीमों के दो ग्रुप बनाए जाएंगे और इन ग्रुपों में शीर्ष पर रहने वाली 2-2 टीमों को सीधे सेमीफाइनल में मौका मिलेगा और इसके बाद फाइनल खेला जाएगा। हालांकि, अभी तक आईसीसी की ओर से कुछ भी आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।
इस मेगा टूर्नामेंट के कुल 17 मैच यूएसए में खेले जा सकते हैं, जिनमें दो मैच भारतीय टीम के भी शामिल हैं। इस टी20 वर्ल्ड कप 2024 में कुल 50 मैच होंगे, जिनमें से एक तिहाई मैच अमेरिका के अलग-अलग शहरों में आयोजित होंगे। अमेरिका और वेस्टइंडीज की टीमें मेजबान होने के नाते पहले ही इस वर्ल्ड कप में क्वालिफाई कर चुकी थी। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप 2022 की टॉप-8 टीमों को भी अगले वर्ल्ड कप में सीधे एंट्री मिल चुकी है। ये टीमें इंग्लैंड, पाकिस्तान, भारत, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, साउथ अफ्रीका और नीदरलैंड्स हैं। इसके अलावा 14 नवंबर 2022 तक ICC रैंकिंग में टॉप-10 टीमों में शामिल रहने वाली अफगानिस्तान और बांग्लादेश को भी अगले वर्ल्ड कप में एंट्री मिल गई है। बाकी आठ टीमों को क्वालिफाइंग मुकाबले खेलने होंगे।
इस साल टी20 वर्ल्ड कप में 16 टीमों ने हिस्सा लिया था। 8 टीमें पहले ही सुपर-12 राउंड में क्वालिफाई कर चुकी थी, जबकि बाकी चार स्पॉट के लिए आठ टीमों के बीच फर्स्ट राउंड के मुकाबले खेले गए थे। सुपर-12 राउंड में दो ग्रुपों में 6-6 टीमें थी। राउंड रॉबिन मैचों के बाद हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंची थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/If30qiw
https://ift.tt/snGYbD9