इंडियन प्रीमियर लीग 2013 में हुए मैच फिक्सिंग विवाद ने क्रिकेट जगत को हिला के रख दिया था। इस विवाद के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) खिलाड़ियों की हर गतिविधि पर ध्यान रखता है और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACU) भी काफी सख्त और चौकन्ना हो गया है। बावजूद इसके मैच फिक्सिंग का एक नया मामला सामने आया है। विराट कोहली की कप्तानी में अंडर 19 वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के विकेट कीपर बल्लेबाज श्रीवत्स गोस्वामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक चौंकने वाला खुलासा किया है।
गोस्वामी ने बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) के फर्स्ट डिवीजन ग्रुप ए लीग मैच का एक वीडियो अपने फेसबुक पर शेयर किया है। विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि वीडियो देखकर लगता है कि यह मैच फिक्स हैं। यह वीडियो टाउन क्लब और मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेले गए मैच का है।
गोस्वामी ने इस मैच का एक वीडियो फेसबुक पर शेयर करते हुए लिखा, 'यह कोलकाता क्लब क्रिकेट का सुपर डिवीजन मैच है, 2 बड़ी टीमें ऐसा कर रही हैं, कोई अंदाज़ा है कि यहां क्या हो रहा है? मुझे यह देखकर शर्म आ रही है कि मैंने वह खेल खेला जो मेरे दिल के बहुत करीब है। मुझे क्रिकेट पसंद है और मुझे बंगाल में खेलना पसंद है, लेकिन यह देखकर मेरा दिल टूट जाता है। क्लब क्रिकेट बंगाल क्रिकेट का दिल और आत्मा है, कृपया इसे बर्बाद न करें। मुझे लगता है कि यह एक 'वेकअप कॉल' है, अब मीडिया कहां है?'
पहले वीडियो में देखा जा सकता है कि दाएं हाथ का एक बल्लेबाज सीधी आती गेंद को लीव करता है और क्लीन बोल्ड हो जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब के सलामी बल्लेबाज संबित रॉय का वीडियो था। वहीं दूसरा वीडियो इससे भी ज्यादा चौंकने वाला है। इसमें एक बाएं हाथ का बल्लेबाज क्रीज़ से बाहर खड़ा होकर वाइड गेंद को खेलता है। गेंद सीधा विकेट कीपर के दस्तानों में जाती है और वह स्टंपिंग कर देता है। इसमें चौंकने वाली बात यह है कि बल्लेबाज क्रीज़ पर वापस आने की कोशिश भी नहीं करता और सीधा पवेलियन की ओर चल देता है। यह बल्लेबाज मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब के कप्तान दीप चटर्जी थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/Ihra7VM
https://ift.tt/1MjYmQ5