IND vs SA: 15 साल बाद भारत ने दोहराया इतिहास, टी20 में पांचवीं बार पावरप्ले में चटकाए पांच विकेट

India vs South Africa T20: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जर रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुक़ाबला तिरुवनन्तपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारत ने पहले गेंद से और फिर बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है और एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।

भारत ने इस मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मात्र 9 रन पर दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन भेज दी। तेज गेंदबाज दीपक चाहर और अर्शदीप सिंह ने पावर प्ले में शानदार गेंदबाजी करते हुए पहले दो ओवर में 5 विकेट चटकाए। पहले ही ओवर में चाहर ने कप्तान टेंबा बावुमा को आउट किया।

वहीं दूसरे ओवर में अर्शदीप ने क्विंटन डी कॉक, राइली रूसो और डेविड मिलर को पवेलियन भेजा। अभी दक्षिण अफ्रीका इन झटकों से संभाली भी नहीं थी कि तीसरे ओवर में फिर चाहर ने ट्रस्टिन स्टब्स को पवेलियन भेज दिया। क्विंटन डी कॉक को छोड़कर सभी बल्लेबाज शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौटे।

यह पांचवां मौका था, जब भारतीय गेंदबाजों ने किसी टी20 मैच में पावरप्ले के अंदर पांच विकेट लिए। भारत ने पहली बार 15 साल पहले 2007 में ऐसा किया था और तब भी विपक्षी टीम दक्षिण अफ्रीका ही थी। इस बार दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में 31 रन बनाकर पांच विकेट गंवाए थे।

इसके बाद 2016 में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ वाइजैग में 29 रन देकर पावरप्ले में पांच विकेट लिए थे। वहीं, 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉडेरहिल में पहले 6 ओवर में 33 रन देकर पांच विकेट लिए थे। इसी साल एशिया कप 2022 में अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ दुबई में 21 रन देकर 5 विकेट लिए थे। यह भारत का पावर प्ले में सबसे अच्छा प्रदर्शन था। इतना ही नहीं दक्षिण अफ्रीका भारत के खिलाफ सबसे कम स्कोर पर पांच विकेट गंवाने वाली टीम बन गई है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/lFfdkSw
https://ift.tt/BJqNuka

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box.

Previous Post Next Post