Mohammed Shami Passed Fitness Test: टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुकी है। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के चलते इस विश्व कप का हिस्सा नहीं हैं। लेकिन भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने अबतक उनके रिपलेसमेंट का ऐलान नहीं किया है। इसी बीच खबर आई है कि दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बेंगलुरु के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में अपना फिटनेस टेस्ट सफलतापूर्वक पास कर लिया है। वे जल्द ही अन्य रिजर्व खिलाड़ी श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई और मोहम्मद सिराज के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होंगे।
चयन समिति के एक सदस्य ने कहा, 'शमी फिट हैं और ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। अभी हालांकि उनके पास मैच प्रैक्टिस की कमी है। उन्हें 100% पर लाने के लिए दो अभ्यास मैच खेलने होंगे।' दीपक चाहर को लेकर चयन समिति के एक सदस्य ने कहा कि दीपक अभी भी फिट नहीं हैं। इसलिए, हम अभी उनके शामिल होने पर कोई फैसला नहीं कर सकते हैं। फिजियो एक या दो दिन में फैसला करेंगे।
दीपक चाहर इस समय बेंगलुरु के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में ही हैं। रिजर्व में चाहर की जगह मोहम्मद सिराज का नाम शामिल किया गया है। सिराज हाल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा थे और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। वह मैन ऑफ द सीरीज भी चुने गए।
वहीं मोहम्मद शमी ने आखिरी बार अंतरराष्ट्रीय टी20 मुक़ाबला पिछले साल यूएई में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में खेला था। पिछले एक साथ से वे टी20 टीम से बाहर हैं। इस बात की पूरी संभावना है कि मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी में से ही किसी एक को 15 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया जाएगा। भारतीय टीम 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैच से अपने अभियान की शुरुआत करने वाली है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/5gzmUZo
https://ift.tt/4SaYxBG