T20 world cup Australia vs New Zealand: टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर 12 का पहला मुक़ाबला मेजबान ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी विकेटकीपर बल्लेबाज डेवोन कॉनवे के बेहतरीन अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए हैं। कॉनवे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंद पर 7 चौके और 3 सिक्स की मदद से नाबाद 92 रनों की पारी खेली।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आई न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद अच्छी रही। टीम के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने पहली गेंद से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की बखिया उधेड़ना शुरू कर दी। कॉनवे और एलन ने मिलकर पहले चार ओवर में 56 रन बनाए। लेकिन तभी एलन हेजलवुड की यॉर्कर गेंद को जज नहीं कर पाये और लंबा शॉट लगाने के चक्कर में क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने 16 गेंद पर 5 चौके और तीन सिक्स की मदद से 42 रन बनाए।
इसके बाद कप्तान केन विलियमसन ने कॉनवे का साथ दिया और दूसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़े। लेकिन तभी लेग स्पिनर एडम जम्पा की गेंद पर विलियमसन एलबीडबल्यू आउट हो गए। विलियमसन ने 23 गेंद पर एक चौके और एक सिक्स की मदद से 23 रन बनाए। कप्तान के आउट होते ही क्रीज़ पर ग्लेन फिलिप्स आए। लेकिन फिलिप्स का बल्ला ज्यादा नहीं चला और मात्र 12 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर कैच आउट हो गए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए हेजलवुड ने दो और एडम जम्पा ने एक विकेट चटकाए हैं। बता दें इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ, एश्टन एगर, केन रिचर्डसन और कैमरून ग्रीन को अंतिम एकादश से बाहर रखा है। न्यूजीलैंड की टीम में मार्टिन गप्टिल, एडम मिल्ने, डेरिल मिशेल और माइकल ब्रेसवेल को जगह नहीं मिली है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/cpPkLOe
https://ift.tt/zIp8nR9