BCCI President Election: भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के प्रेसिडेंट सौरव गांगुली जल्द इस पद से इस्तीफा दे सकते हैं। गांगुली बतौर प्रेसिडेंट अपनी पारी आगे नहीं बढ़ाना चाहते और 18 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे। दादा के नाम से मशहूर गांगुली जल्द अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से जुड़ने जा रहे हैं। वे आईसीसी के अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे हैं। ऐसे में गांगुली के बाद 1983 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहे दिग्गज तेज गेंदबाज रोजर बिन्नी को अगला बीसीसीआई अध्यक्ष चुना जा सकता है।
फिलहाल बिन्नी कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट हैं और उनके बेटे स्टुअर्ट बिन्नी भी भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं। गांगुली 2019 में BCCI के अध्यक्ष चुने गए थे। वार्षिक आम बैठक (AGM) में शामिल होने वाले 38 राज्य संघों में से 35 की सूची आ गई है। बिन्नी कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए हैं। इससे पहले सचिव संतोष मेनन एजीएम में हिस्सा लेते थे।
BCCI के चुनाव अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष की भूमिका के लिए होंगे। इन सभी पोस्ट के लिए उम्मीदवार 11 या 12 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इसके बाद 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 14 तारीख तक नामांकन वापस लिया जा सकता है। 15 अक्तूबर को सही नामांकन करने वालों की लिस्ट जारी की जाएगी। अधिक दावेदार होने पर 18 अक्टूबर को मतदान होगा।
गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष जय शाह सचिव की भूमिका में ही बने रह सकते हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश के अरुण धूमल कोषाध्यक्ष के लिए ही दावेदारी पेश करेंगे। दिल्ली एसोसिएशन के रोहन जेटली को बोर्ड या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बड़ी भूमिका मिल सकती है।
AGM में प्रमुख राज्य संघों के प्रतिनिधि
बड़ौदा संघ : प्रणव अमीन
दिल्ली संघ : रोहन जेटली
गुजरात संघ : जय शाह
हरियाणा संघ : अनिरुद्ध चौधरी
हिमाचल संघ : अरुण सिंह धूमल
हैदराबाद संघ : मो. अजहरुद्दीन
कर्नाटक संघ : रोजर माइकल बिन्नी
केरल संघ : जयेश जॉर्ज
मुंबई संघ : आशीष बाबाजी शेलार
राजस्थान संघ : वैभव गहलोत
उप्र संघ : राजीव शुक्ला
विदर्भ संघ : अद्वैत मनोहर
एमपीसीए : अभिलाष खांडेकर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/0CzcYFx
https://ift.tt/lg72hFT