ICC Rankings: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबलों से पहले ताज़ा रैंकिंग जारी की है। आईसीसी द्वारा जारी रैंकिंग के मुताबिक श्रीलंका के लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 15 विकेट लिए हैं। हसरंगा ने पहला स्थान हासिल कर अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान को शीर्ष से हटा दिया। इसके अलावा लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर बने हुए हैं।
सूर्यकुमार यादव की बात करें तो उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 225 रन बनाए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 30 रन की पारी खेली थी। वहीं, जिम्बाब्वे के खिलाफ 25 गेंद पर तूफानी अंदाज में नाबाद 61 रन ठोक दिए थे। उन्हें छह रेटिंग अंक का फायदा हुआ है। सूर्यकुमार के अब 869 रेटिंग अंक हो गए हैं।
सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड -
टी20 वर्ल्ड कप 2022 में तीन अर्धशतक लगा चुके सूर्या ने टी20 रैंकिंग में अपने करियर की बेस्ट रेटिंग अंक हासिल कर लिए हैं। इस मामले में उन्होंने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इंग्लिश बल्लेबाज एलेक्स हेल्स की बेस्ट रेटिंग 866 की थी। हालांकि ऑल टाईम हाई रैंकिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी भी इंग्लैंड के डाविड मलान 915 अंक के पास है। लेकिन आने वाले समय में सूर्या जल्दी ही मलान को पीछे छोड़ सकते हैं।
इसके अलावा भारतीय स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को भी फायदा हुआ है। वे पांच पायदान के फायदे के साथ 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज जोश हेजलवुड और एडम जैम्पा शीर्ष 10 में पहुंच गए हैं। हेजलवुड एक स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि जैम्पा सातवें से पांचवें स्थान पर आ गए हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/gnuM9Fm
https://ift.tt/IUpVlOz