IPL Auction 2023 : मिनी ऑक्शन का मेगा शो आज, 87 स्लाट्स में 405 प्लेयर्स पर लगेगा 206 करोड़ का दांव, जानें खास बातें

IPL Mini Auction 2023 : आईपीएल मिनी ऑक्शन 2023 के मेगा शो शुरू होने में कुछ ही घंटे शेष हैं। केरल के कोच्चि शहर में दोपहर ढाई बजे से मिनी ऑक्शन की शुरुआत होगी। इसके लिए सभी 10 फ्रेंचाइजी टीमों का मुख्य स्टाफ कोच्चि पहुंच चुका है। इस बार की नीलामी को वैसे तो मिनी ऑक्शन का नाम दिया गया है। लेकिन, यह किसी मेगा ऑक्शन से कम नहीं है। इस बार नीलामी में फ्रेंचाइजी टीमों के पर्स में 206.5 करोड़ रुपये हैं। जबकि पिछली बार हुए मेगा ऑक्शन में फ्रेंचाइजी टीमों ने 551 करोड़ रुपये खर्चे थे। इस बार सनराइजर्स हैदराबाद के पर्स में सबसे ज्यादा 42.25 करोड़ रुपये हैं तो कोलकाता के पास सबसे कम 7.05 करोड़ रुपये हैं। आइये जानते हैं आईपीएल मिनी ऑक्शन से जुड़ी खास बातें।

आईपीएल ऑक्शन के लिए इस बार कुल 991 प्लेयर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें 714 भारतीय और 277 विदेश प्लेयर्स शामिल थे। इनमें से फ्रेंचाइजी टीमों ने महज 369 खिलाड़ियों को ऑक्शन के लिए शॉर्टलिस्ट किया और 36 अन्य प्लेयर्स को ऑक्शन से जोड़ने की रिक्वेस्ट की गई। इस तरह मिनी ऑक्शन में कुल 405 खिलाड़ियों पर बोली लगनी थी। लेकिन, ऑक्शन से पहले इंग्लैंड के रेहान अहमद समेत कुछ अन्य प्लेयर्स ने अपने नाम वापस लिए हैं। ऐसे में आज 400 से कम खिलाड़िया पर बोली लगेगी।

282 खिलाड़ी अनकैप्ड

आईपीएल मिनी ऑक्शन में शामिल 405 खिलाड़ियों में 132 विदेश और 273 भारतीय खिलाड़ी थे। इन विदेशी प्लेयर्स में चार खिलाड़ी एसोसिएट देशों के हैं। इन 405 खिलाड़ियों में से 119 खिलाड़ियों को देश के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का अनुभव था। जबकि 282 खिलाड़ी अनकैप्ड थे।

सबसे ज्यादा स्लॉट्स सनराइजर्स हैदराबाद के पास खाली

वर्तमान में 10 फ्रेंचाइजी टीमों में कुल 87 खिलाड़ियों के स्थान रिक्त हैं। इनमें 57 भारतीय तो 30 खिलाड़ी विदेशी हो सकते हैं। वहीं, फ्रेंचाइजी टीमों के स्लाट्स की बात करें तो सबसे ज्यादा 13 स्लॉट्स सनराइजर्स हैदराबाद के पास खाली हैं। जबकि दिल्ली कैपिटल्स को सबसे कम पांच खिलाड़ियों को आईपीएल मिनी ऑक्शन से खरीदना है।

एक फ्रेंचाइजी टीम की स्क्वॉड में हो सकते 25 खिलाड़ी

आईपीएल नीलामी में सभी 10 फ्रेंचाइजी के पास प्लेयर्स को खरीदने के लिए सिर्फ 87 स्लॉट उपलब्ध हैं। यानी ज्यादा से ज्यादा इतने ही प्लेयर्स खरीदे जा सकते हैं। एक फ्रेंचाइजी टीम अपने स्क्वॉड में सिर्फ 8 विदेशी खिलाड़ियों के साथ 25 खिलाड़ी ही शामिल कर सकती है।

यह भी पढ़े - आईपीएल में इस बार टूटेगा सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड, ये दिग्गज रेस में आगे

सनराइजर्स के पास सर्वाधिक राशि

आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन में सभी 10 फ्रेंचाइजी के पर्स में इस समय 206.5 करोड़ रुपये की राशि है। वहीं ऑक्शन पर्स में सबसे ज्यादा राशि की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद के पास सर्वाधिक 42.25 करोड़ रुपये है। जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स के पास सबसे कम 7.05 करोड़ रुपये हैं।

19 खिलाड़ियों का बेस प्राइज 2 करोड़

मिनी ऑक्शन में 19 खिलाड़ियों का बेस प्राइज सबसे ज्यादा 2 करोड़ रुपये है, जिनमें बेन स्टोक्स, जेसन होल्डर और केन विलियमसन जैसे सभी विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इसके बाद 11 खिलाड़ियों का बेस प्राइज 1.5 करोड़ रुपये है। वहीं, 20 खिलाड़ियों का बेस प्राइज एक करोड़ रुपये है।

यह भी पढ़े - आईपीएल नीलामी में इन 5 उम्रदराज खिलाड़ियों पर लगेगी बड़ी बोली



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/uq3fe2c
https://ift.tt/ZFyqmQk

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box.

Previous Post Next Post