5 Most Expensive Players Performance : इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का आधा सीजन खत्म हो चुका है। अब आईपीएल के 16वें सीजन का दूसरा हॉफ शुरू हो चुका है। अभी तक का प्रदर्शन देखें तो कई ऐसे युवा खिलाड़ी उभरकर सामने आए हैं, जिन्होंने बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को प्रभावित किया है। वहीं कुछ ऐसे दिग्गज खिलाड़ी भी हैं, जो उम्मीदों के अनुरूप खरे नहीं उतर सके हैं। इस कारण उनकी टीम प्लेऑफ की दौड़ में काफी पिछड़ गई है। इनमें वे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिन्हें आईपीएल मिनी ऑक्शन 2023 में सबसे ज्यादा रकम खर्च कर खरीदा गया था। आज हम आपको आईपीएल 2023 के सबसे महंगे पांच खिलाडि़यों के प्रदर्शन के बारे में बताने जा रहे हैं।
सैम कुरेन का अब तक का प्रदर्शन
आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी सैम कुरेन हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर सैम को पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी ने सर्वाधिक 18.5 करोड़ रुपए में खरीदा था। इस सीजन सैम ने अभी तक 7 मैच खेले हैं, जिनमें 142 रन और 5 विकेट हासिल किए हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ 55 रन उनकी बेस्ट पारी रही, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। कप्तान शिखर धवन के चोटिल होने के बाद अब सैम ही टीम की कमान संभाल रहे हैं। अभी तक गेंद और बल्ले से उन्होंने साधारण प्रदर्शन किया है। दूसरे हॉफ में टीम को उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
| मैच | पारी | रन | विकेट |
| 7 | 7 | 142 | 5 |
दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी कैमरून ग्रीन का प्रदर्शन
आईपीएल 2023 में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी कैमरून ग्रीन हैं, जिन्हें मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने 17.5 करोड़ रुपए की भारी भरकम रकम खर्च कर खरीदा था। इस सीजन वह गेंदबाजी में कुछ खास नहीं कर सके हैं। हालांकि बल्ले से पिछले कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है।
इस आईपीएल में अभी तक उन्होंने 7 मैचों में 199 रन बनाए हैं और 5 विकेट भी हासिल किए हैं। पिछली तीन पारियों में उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले हैं। आगामी मैचों में उनसे यही उम्मीद होगी कि वह बेहतर प्रदर्शन करते हुए टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में मदद करें।
| मैच | पारी | रन | विकेट |
| 7 | 7 | 199 |
5 |
बेन स्टोक्स ने किया निराश
बेन स्टोक्स इस आईपीएल के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स मिनी ऑक्शन में 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। पहले दो मैच खेलने के बाद से बेन स्टोक्स बेंच पर आराम कर रहे हैं। अब दर्शकों को उनकी वापसी का इंतजार है।
बेन स्टोक्स अभी तक खेले गए दोनों मैच में बल्ले और गेंद दोनों से ही फ्लॉप रहे हैं। गेंद से वह कोई विकेट नहीं ले सके हैं तो उनके बल्ले से अभी तक महज 15 रन ही आए हैं। अभी भी उनका अगले मैचों में खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।
| मैच | पारी | रन | विकेट |
| 2 | 2 | 15 | 0 |
निकोलस पूरन ने किया प्रभावित
निकोलस पूरन इस आईपीएल में खरीदे गए चौथे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्हें लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 16 करोड़ रुपए में टीम में शामिल किया था। पूरन ने इस आईपीएल में बल्ले से खासा प्रभावित किया है। उन्होंने 7 मैचों में 28.50 की औसत से 171 रन बनाए हैं।
पूरन जिस नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं, उसे देखते उनका स्ट्राइक रेट शानदार रहा है। उन्होंने इस सीजन में 185.87 के स्ट्राइक रेट से रन कूटे हैं। आरसीबी के खिलाफ 19 गेंदों पर 62 रनों की ताबड़तोड़ पारी उम्दा रही। अब उनसे और बेहतर की उम्मीद है।
| मैैच | पारी | रन | विकेट |
| 7 | 7 | 171 | - |
हैरी ब्रूक पर खर्चे करोड़ों गए बेकार
आईपीएल के इस सीजन में हैरी ब्रूक 5वें सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 13.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। इस सीजन में उनकी कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शतकीय पारी के अलावा वह कुछ खास नहीं कर सके हैं।
हैरी ब्रूक ने अभी तक खेले 7 मैच में 27.17 की औसत से 163 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है। अभी तक फेल रहे ब्रूक से टीम को आगे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
| मैच | पारी | रन | विकेट |
| 7 | 7 | 163 | - |

from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/pfNzFZB
https://ift.tt/KzPyJNf