रिले रोसू ने जड़ा 196 मीटर का छक्का!, एबी डी विलियर्स का ट्वीट कर दिया ये रिएक्शन

Rilee Rossouw six Indian premier league 2023: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वे सीजन का 64वां मुक़ाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला गया। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को 15 रन से हरा दिया। इस मैच में दिल्ली के बल्लेबाजों ने आतिशी बल्लेबाजी की और पंजाब के सामने 214 रनों का लक्ष्य रखा था।

दिल्ली के लिए उनके विस्फोटक बल्लेबाज रिले रोसू ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 37 गेंद पर छह सिक्स और छह चौके की मदद से नाबाद 82 रन बनाए। इस दौरान रोसू ने पंजाब के गेंदबाज सैम करन की गेंद पर एक लंबा सिक्स लगाया। यह सिक्स सीधा मैदान के बाहर जा गिरा। पारी का 15वां ओवर लेकर आए कुर्रन ने दूसरी गेंद रोसू को मिडल और लेग स्टंप पर डाली। इस खराब गेंद का फायदा उठाते हुए इस साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज ने स्क्वॉयर लेग के ऊपर से लंबा सिक्स जड़ दिया। यह सिक्स इतना लंबा था कि गेंद मैदान के बाहर चली गई।

रोसू के इस सिक्स की पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डी विलियर्स ने तारीफ की है और उसे 196 मीटर लंबा बताया है। विलियर्स ने ट्वीट करते हुए लिखा 'रिले रोसू का वह सिक्स निश्चित रूप से 96 मीटर का नहीं था। शायद 196 मीटर का था।' बता दें आईपीएल में एबी डी विलियर्स रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर (RCB) के लिए खेलते थे और अपने समय में लंबे लंबे सिक्स लगाने के लिए जाने जाते थे।

इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने रिले रोसू और पृथ्वी शॉ के अर्धशतकों की मदद से बोर्ड पर 213 रन लगाए थे। इस स्कोर का पीछा करते हुए पंजाब की टीम निर्धारित 20 ओवर में 198 ही रन बना सकी। मेजबान टीम के लिए लियाम लिविंगस्टोन ने 94 रनों की सर्वाधिक पारी खेली, वहीं अथर्व तायडे ने भी अर्धशतक जड़ा। मगर वह दोनों अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। पंजाब की टीम इस हार के साथ प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/goFr7ZP
https://ift.tt/S8xsaDI

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box.

Previous Post Next Post