आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 जीतने का सपना टूटने के बाद अब भारतीय टीम के आगे टी20 वर्ल्ड कप 2024 की चुनौती है, जिसका आयोजन 4 से 30 जून के बीच अमरीका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा। इसके लिए भारतीय टीम प्रबंधन जल्द रणनीति बनाने में जुटेगा। टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती हार्दिक पांड्या की फिटनेस है। वनडे वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ लीग मुकाबले के दौरान चोटिल होने के कारण हार्दिक को पूरे टूर्नामेंट के लिए बाहर होना पड़ा। इसका असर भारतीय टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ा। हार्दिक की फिटनेस हमेशा सवालों के घेरे में रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय प्रबंधन अब बतौर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का विकल्प तलाशेगा।
फिटनेस बनी सबसे बड़ी वजह
हार्दिक काफी समय से टी-20 में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं। एक ऑलराउंडर के तौर पर भी उनकी टीम में भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहती है, लेकिन उनकी फिटनेस पर हमेशा बड़ा सवाल रहता है। इस कारण आगामी टी-20 विश्व कप को देखते हुए टीम प्रबंधन बतौर ऑलराउंडर सिर्फ हार्दिक पर निर्भर नहीं रहना चाहती और ऐसे खिलाड़ी तैयार करना चाहती है, जो गेंदबाजी और बल्लेबाजी करने में माहिर हों।
ये खिलाड़ी हैं कतार में
टी-20 में ऑलराउंडर खिलाड़ियों के तौर पर यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, वाशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह जैसे युवाओं पर दांव लगाने की तैयारी कर रही है। रिंकू सिंह ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के अलावा स्पिन गेंदबाजी भी कर लेते हैं। उनके नाम घरेलू क्रिकेट के सभी प्रारूपों में 16 विकेट हैं। वहीं, यशस्वी जायसवाल सात जबकि तिलक वर्मा 19 विकेट हासिल कर चुके हैं।
वाशिंगटन पर बड़ा दांव
बीसीसीआई और टीम प्रबंधन की नजर सबसे अधिक स्पिनर वाशिंगटन सुंदर पर है, जो निचले क्रम पर गेंद और बल्ले से दमदार प्रदर्शन करने का दमखम रखते हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी अनुभव है।
वाशिंगटन के नाम 18 वनडे में 16, चार टेस्ट में 06 और 40 अंतरराष्ट्रीय टी-20 में 31 विकेट हैं। इसके अलावा वह घरेलू मैचों में सभी प्रारूपों में 150 से ज्यादा विकेट ले चुके हैं। वह निचले क्रम पर बल्लेबाजी करने का भी दमखम रखते हैं। उनके नाम टेस्ट में तीन और वनडे तथा टी-20 में एक-एक अर्धशतक है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/zFeCoZ3
https://ift.tt/0LJNF6p