क्रिकेट में जब किसी गेंदबाज की लाइन और लेंथ बिगड़ जाती है तो उसे बहुत दिक्कत का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में बल्ले से रन तो जाते ही हैं कई बार वाइड और नो के चलते बहुत सारे एक्सट्रा रन भी विरोधी टीम को मिल जाते हैं। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद समी के साथ भी एक बार ऐसा ही कुछ हुआ था। जिसके चलते उनके नाम क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज़ है।
एशिया कप 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए एक मैच में समी ने 17 गेंदों का ओवर फेंका। इस ओवर में उन्होंने 4 नो गेंद और 7 वाइड गेंद फेंकी थी। आज भी यह वनडे इंटरनेशनल के इतिहास के सबसे लंबे ओवर के रूप में दर्ज है। समी ने उस ओवर में उन्होंने कुल 22 रन दिए थे, जिसमें दो चौके भी शामिल हैं।
समी के अलावा इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्कॉट बोसवेल का नाम भी इस लिस्ट में आता है। बोसवेल ने लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच में 14 गेंदों का ओवर फेंका था। वहीं उसके अलावा न्यूज़ीलैंड के तेज गेंदबाज डारेल टफी ने 2005 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ एक मैच में एडम गिलक्रिस्ट के सामने 14 गेंदों का ओवर फेंका था। जिसमें 4 वाइड और 4 नो गेंद शामिल थीं।
वेस्टइंडीज के दिग्गज तेज गेंदबाज कर्टली एम्ब्रोज ने 1997 में टेस्ट मैच में एक ओवर में 9 नो बॉल फेंकी थीं। इस ओवर में उन्होंने कुल 15 गेंद फेंकी थी। न्यूजीलैंड के एक और गेंदबाज बर्ट वेंस ने 22 गेंद का ओवर फेंका था। लेकिन वेंस ने यह ओवर घरेलू टेस्ट मैच के दौरान फेंका था।
बता दें मोहम्मद समी हाल ही में अपने एक बयान को लेकर भी सुर्खियों में आए थे। समी ने कहा था कि उन्होंने 164 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। समी ने पाकिस्तान डॉट टीवी से कहा था, मैंने एक मैच में 160 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से दो गेंद फेंकी। पहली गेंद 162 और दूसरी 164 किलोमीटर प्रति घंटे के स्पीड से डाली गई थी। लेकिन मुझे पता चला कि बॉलिंग मशीन ठीक से काम नहीं कर रहा था। इस वजह से मेरी वह बॉल काउंट नहीं हो पाई।'
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/gaeWCzD
https://ift.tt/Jr9PZhW