IND vs SA टी20 सीरीज में बन सकते हैं ये तीन रिकॉर्ड, पंत के पास इस बड़े कीर्तिमान को छूने का बड़ा मौका

IND vs SA T20 series Record: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुक़ाबला 9 जून को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। लोकेश राहुल की कप्तानी में खेले जाने वाले इस टी20 मैच में भारत एक बड़ा रिकॉर्ड बना सकता है। इसके अलावा टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा भी अपने नाम एक रिकॉर्ड कर सकते हैं।

700 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे कर सकते हैं पंत –
ऋषभ पंत इस मैच में एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर सकते हैं। अगर वे इस मैच में 17 रन बना लेते हैं तो अंतरराष्ट्रीय टी20 में वो अपने 700 रन पूरे कर लेंगे। पंत ने अभी तक 43 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले है जिसमें 125.78 के स्ट्राइक रेट से 683 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक भी ठोके हैं। सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में मिडिल आर्डर की ज़िम्मेदारी उनके और हार्दिक पांड्या के कंधों पर होगी।

रबाडा पूरे कर लेंगे 50 टी20 इंटरनेशनल विकेट –
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा अंतरराष्ट्रीय टी20 में 50 विकेट पूरे करने जा रहे हैं। वे इस कीर्तिमान से सिर्फ एक विकेट दूर हैं। रबाडा ने अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में 8.6 की इकॉनमी से अबतक 49 विकेट चटकाए हैं। रबाडा इस फॉर्मेट में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में चौथे स्थान पर है। हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2022 में रबाडा ने पंजाब किंग्स (PBKS) की तरफ से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने इस सीजन में 13 मैच खेले और 8.46 के इकॉनमी रेट की मदद से 23 विकेट लिए है।

लगातार 13 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी भारत –
भारतीय टीम ने पिछले 12 मुकाबलों में जीत हासिल की है। लगातार मैचों में जीत के मामले में टीम इंडिया संयुक्त रूप से पहले स्थान पर है। इस मामले में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान और रोमानिया की बराबरी की थी। अब भारतीय टीम की नजर 13वीं जीत के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने पर होगी। अगर ऐसा होता है तो टीम इंडिया लगातार 13 मैच जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी। भारतीय क्रिकेट टीम ने पिछले 12 मैचों में अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड, नामीबिया, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका को हराया है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2YUWrRJ
https://ift.tt/9Re6gWM

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box.

Previous Post Next Post