Aus vs AFG: ग्लेन मैक्सवेल का शानदार अर्धशतक, ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के सामने 169 रनों का लक्ष्य रखा

Australia vs Afghanistan T20 world cup 2022: टी20 वर्ल्ड कप 2022 का 38वां मुक़ाबला ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा है। एडिलेड के द ओवल ग्राउंड में खेले जा रहे इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने मिशेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल की शानदार पारियों की मदद से अफगानिस्तान के खिलाफ 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 168 रन बनाए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के लिए ग्लेन मैक्सवेल ने 54 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। इस दौरान मैक्सवेल ने दो सिक्स और छह चौके मारे। वहीं मिशेल मार्श ने 30 गेंद पर 45 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने मात्र 54 के स्कोर पर अपने तीन अहम बल्लेबाज खो दिये। अफगानिस्तान को पहली सफलता तीसरे ओवर में लगी। फजहलहक फारूकी ने ओवर की पहली गेंद पर कैमरून ग्रीन को स्लिप में गुलबदीन नायब के हाथों कैच आउट कराया। कप्तान एरॉन फिंच की जगह सलामी बल्लेबाजी करने आए ग्रीन ने दो गेंद पर मात्र तीन रन बानए।

ग्रीन के आउट होने के कुछ देर बाद उनके साथ सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर भी चलते बने। वॉर्नर का बल्ला इस मैच में भी नहीं चला। उन्हें छठे ओवर की दूसरी गेंद पर नवीन उल हक ने क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने 18 गेंद पर 25 रन बनाए। वॉर्नर के आउट होने के बाद इस वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेल रहे पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ क्रीज पर आए। लेकिन स्मित भी फ्लॉप साबित हुए और नवीन उल हक की गेंद पर एक चौका लगाकर एलबीडबल्यू आउट हो गए।

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को मिचेल मार्श और मार्कस स्टोइनिस ने संभाला और धीरे-धीरे स्कोर को आगे बढ़ाया। लेकिन तभी 11वें ओवर में मिचेल मार्श आउट हो गए। मुजीब उर रहमान की गेंद पर मार्श रहमनुल्लाह गुरबाज को कैच थमा बैठे। वे मात्र 5 रन से अपने अर्धशतक से चूक गए और 31 गेंद पर 45 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को आगे बढ़ाया और उनका साथ स्टोइनिस ने दिया। दोनों ने पांचवे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। लेकिन तभी स्टोइनिस गलती कर बैठे और राशिद खान की फिरकी का शिकार हुए। स्टोइनिस 25 के निजी स्कोर पर राशिद की गेंद पर उस्मान गनी को कैच दे बैठे।

ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका कप्तान मैथ्यू वेड के रूप में लगा। वेड फजलहक फारूकी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने 8 गेंद पर मात्र 6 रन बनाए। वहीं उनके बाद क्रीज़ पर बल्लेबाजी करने पैट कमिंस डक पर पवेलियन लौट गए। दूसरी तरफ से मैक्सवेल लगातार रन बनाते रहे और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। अफगानिस्तान के लिए नवीन-उल-हक ने तीन, फजलहक फारूकी ने दो, राशिद खान, और मुजीब उर रहमान ने एक-एक विकेट चटकाए।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/JDMXKgo
https://ift.tt/wzxo20I

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box.

Previous Post Next Post