Under 19 T20 WC: भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का खिताब जीता

India vs England Women Under 19 T20 world cup Final: भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने इतिहास रच दिया है। शेफाली वर्मा की कप्तानी वाली इस टीम ने अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा इतिहास रच दिया है। भारतीय टीम ने पहले शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लिश टीम को 68 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद इस लक्ष्य को मात्र 14 ओवर में आसानी से पा लिया।

इंग्लैंड द्वारा दिये गए आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। पहले दो ओवर में कप्तान शेफाली वर्मा और श्वेता सेहरावत ने 16 रन ठोके। लेकिन तभी 16 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा। शेफाली वर्मा 11 गेंद में 15 रन बनाकर हेना बेकर की गेंद पर एलेक्सा स्टेनहाउस को कैच दे बैठी। भारत अभी इस झटके से उभरा भी नहीं था कि 20 रन के स्कोर पर उन्हें दूसरा झटका लगा। श्वेता सेहरावत 5 रन बनकट इंग्लैंड की कप्तान ग्रेस स्क्रीवेंस की गेंद पर हेना बेकर को कैच दे बैठी।

इसके बाद सौम्य तिवारी और गोंगडी त्रिशा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को संभाल लिया। 66 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा। त्रिशा भारत को जीत दिलाने से ठीक पहले आउट हो गई हैं। त्रिशा ने 29 गेंद में 24 रन बनाए। सौम्य ने 36 गेंद पर 23 रनों की नाबाद पारी खेली। इंग्लैंड के लिए हेना बेकर और ग्रेस स्क्रीवेंस ने एक- एक विकेट झटके।

इससे पहले भारतीय टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जो सही साबित हुआ। भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने इंग्लिश बल्लेबाज नहीं तिक पाये और एक -एक कर ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत ने पहले ही ओवर में इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया। तितास साधु ने लिबर्टी हीप को ओवर की चौथी गेंद पर आउट किया। उन्होंने अपनी ही गेंद पर लिबर्टी का कैच लपका। हीप खाता भी नहीं खोल सकीं।

15 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का दूसरा विकेट गिरा। अर्चना देवी ने हॉलैंड को क्लीन बोल्ड किया। हॉलैंड ने आठ गेंद में 10 रन बनाए। इसके मात्र एक रन बाद अर्चना देवी ने इंग्लैंड की एक और झटका दिया। उन्होंने इंग्लैंड की कप्तान ग्रेस स्क्रीवेंस को गोंगडी त्रिशा के हाथों कैच कराया। ग्रेस ने 12 गेंद में चार रन बनाए। इस विकेट के गिरने से इंग्लैंड बैकफुट पर आ गई और इस सदमे से उभर ही नहीं पाई।

22 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का चौथा विकेट गिरा है। तितास साधु ने सेरेन स्मेल को क्लीन बोल्ड किया। स्मेल ने नौ गेंद में तीन रन बनाए। पार्श्वी चोपड़ा ने भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। उन्होंने चैरिस पैवली को एलबीडबल्यू आउट किया। पैवली ने नौ गेंद पर दो रन बनाए।

43 रन के स्कोर पर इंग्लैंड को एक और झटका लगा। पार्श्वी चोपड़ा ने मैकडोनाल्ड गे को आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई है। अर्चना ने उनका कैच पकड़ा। मैकडोनाल्ड ने 24 गेंद में तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाए। 53 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का सातवां विकेट गिरा। सौम्या तिवारी ने अपने सटीक थ्रो से जोशी ग्रोव्स को रन आउट किया। उन्होंने पांच गेंद में चार रन बनाए।

इसकी अगली गेंद पर कप्तान शेफाली वर्मा ने हेना बेकर को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों स्टंप आउट कराया। हेना पहली गेंद पर ही पवेलियन लौट गईं और अपना खाता तक नहीं खोल सकीं। 68 रन के स्कोर पर इंग्लैंड को दो झटके लगे और पारी समाप्त हो गई। मन्नत कश्यप ने एलेक्सा स्टोनहाउस को सोनम यादव के हाथों कैच कराया। एलेक्सा ने 25 गेंद में 11 रन बनाए। वहीं सोनम यादव ने अपनी ही गेंद पर सोफिया का कैच पकड़कर इंग्लैंड की पारी समाप्त की। सोफिया ने सात गेंद में 11 रन बनाए। वहीं, एंडरसन खाता खोले बिना नाबाद रहीं।

यह इस वर्ल्ड कप में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे कम स्कोर था। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में भी इंग्लैंड की टीम 99 रन पर सिमट गई थी, लेकिन कंगारू टीम को 96 रन पर समेट मैच जीत लिया था। भारत के लिए तितास साधु, पार्श्वी चोपड़ा और अर्चना देवी ने दो -दो, शेफाली वर्मा, मन्नत कश्यप और सोनम यादव ने एक -एक विकेट झटके।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/KIPvRGx
https://ift.tt/kZ7NI0x

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box.

Previous Post Next Post