IPL 2023: रोहित शर्मा के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बने

Rohit Sharma Ducks In IPL : चेन्नई के खिलाफ चेपॉक में हुए मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा फिर शून्य पर आउट हो गए और अपने नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज कर लिया। दरअसल रोहित शर्मा आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। बता दें वह आईपीएल में 16 बार शून्य पर आउट होने वाले एकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने यह रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलते हुए अपने नाम दर्ज की। बता दें रोहित शर्मा के अलावा इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर RCB के बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का भी नाम शामिल है। जिनका बल्ला इस सीजन बिलकुल खामोश रहा है। प्लेयिंग-11 में उनके शामिल होने पर भी अब सवाल उठने लगा है। वह 15 बार जीरो पर आउट होने वाले खिलाड़ी हैं। उनके अलावा केकेआर के सुनील नरेन और कई टीमों में खेल चुके मनदीप सिंह का भी नाम शामिल है। साथ ही चेन्नई के अंबाती रायडू भी 14 बार बिना खाता खोले पवेलियन लौट चुके हैं।



बता दें कि, आईपीएल 2023 में रोहित शर्मा का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा है। उनकी फॉर्म अब मुंबई इंडियंस के लिए बोझ बन गई है। रोहित कप्तान हैं, उन्हें टीम से निकाला भी नहीं जा सकता। वो पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ भी जीरो पर आउट हुए थे। पिछले 4 मैचों की बात करें तो रोहित ने उस में सिर्फ 5 रन बनाए हैं। इसके अलावा बात करें इस पूरे सीजन की तो, रोहित ने 10 मैच में महज 184 रन बनाए हैं।

मैच में क्या हुआ

मुंबई की खराब शुरुआत-
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। मैच में कप्तान रोहित ने ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया। ईशान किशन के साथ मिलियन डॉलर बेबी कैमरून ग्रीन ने पारी की शुरुआत की, लेकिन चार गेंद में छह रन बनाकर वह तुषार देशपांडे का शिकार बने।

इसके बाद दीपक चाहर ने एक ओवर में दो विकेट लेकर मुंबई का स्कोर 14 रन पर तीन विकेट कर दिया। दीपक चाहर ने ईशान किशन 7 रन के स्कोर पर तीक्ष्णा के हाथों कैच कराया। वहीं, कप्तान रोहित शर्मा को शून्य के स्कोर पर पॉइंट क्षेत्र में जडेजा के हाथों कैच कराया।

सूर्यकुमार यादव और नेहल वधेरा ने संभाली मुंबई की पारी- शुरूआती झटके के बाद सूर्यकुमार यादव और नेहल वधेरा ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर मुंबई की टीम को संभाला। दोनों मुंबई का स्कोर 14 से 69 तक ले गए। अर्धशतकीय साझेदारी करने के बाद यह जोड़ी खतरनाक दिख रही थी, लेकिन जडेजा ने सूर्यकुमार यादव को 26 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया।

इसके बाद स्टब्स और वधेरा ने भी अर्धशतकीय साझेदारी की। इस दौरान नेहल ने 46 गेंद में धीमी लेकिन मौके के हिसाब से उचित अर्धशतक पूरा किया। वह 51 गेंद में 64 रन बनाकर मथीषा पाथिराना का शिकार बने। उनका विकेट गिरने के बाद मुंबई का स्कोर 123/5 हो गया। इसके बाद मुंबई ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए।

चेन्नई की आसान जीत- 140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की टीम को शानदार शुरुआत मिली। ओपनर बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे ने पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े। ऋतुराज 16 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए इसके बाद रहाणे के साथ मिलकर कॉन्वे ने तेज गति से रन बनाए। पावरप्ले में चेन्नई ने एक विकेट खोकर 55 रन बना लिए थे और मैच में अच्छी स्थिति में पहुंच गई थी।

यह भी पढ़ें: विराट कोहली से मिलकर लड़ रहे हैं गंभीर और नवीन, कहीं फिर न शुरू हो जाए झगड़ा
इसके बाद रहाणे 17 गेंद में 21 रन बनाकर और रायुडू 11 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन कॉन्वे एक छोर पर डटे रहे। वह चेन्नई का स्कोर 100 रन के पार ले गए और शिवम दुबे के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया।डेवोन कॉन्वे 42 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक चेन्नई की जीत सुनिश्चित हो चुकी थी। अंत में शिवम और धोनी ने चेन्नई को जीत दिलाई। मुंबई के लिए पीयूष चावला ने दो विकेट लिए। वहीं, स्टब्स और मधवाल को एक-एक विकेट मिला।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी टीम भारत नहीं आएगी, PCB ने रखी ऐसी शर्त कि टल सकता है IND-PAK मैच



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/aIR87sW
https://ift.tt/k9s5bm2

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box.

Previous Post Next Post