Rajasthan Royals vs Gujarat Titans IPL 2023: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 का 48वां मुक़ाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) और गत चैम्पियन गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच खेला जा रहा है। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में गुजरात टाइटन्स ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स को मात्र 118 रन पर रोक दिया।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। जो सही साबित नहीं हुआ और पूरी टीम 17.5 ओवर में मात्र 118 पर ढेर हो गई। राजस्थान के लिए संजू सैमसन ने 20 गेंद पर 30, ट्रेंट बोल्ट ने 11 गेंद पर 15, यशस्वी जायसवाल ने 11 पर 14 और देवदत्त पडिक्कल ने 12 पर 12 रन बनाए। गुजरात के लिए अफगानी फिरकी गेंदबाज राशिद खान और नूर अहमद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन और 2 विकेट झटके।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। गुजरात टाइटंस को पहली सफलता कप्तान हार्दिक पांड्या ने दिलाई। उन्होंने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर राजस्थान के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर को पवेलियन भेज दिया। बटलर छह गेंद पर आठ रन बनाकर मोहित शर्मा को कैच थमा बैठे। बटलर ने अपनी पारी में दो चौके लगाए।
इसके बाद कप्तान संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल ने तेजकी से रन बनाना शुरू किए। राजस्थान रॉयल्स को दूसरा झटका छठे ओवर की पहली गेंद पर लगा। ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 11 गेंद पर 14 रन बनाकर रनआउट हो गए। राशिद खान की पहली गेंद को कप्तान संजू सैमसन ने ऑफसाइड की ओर खेला। यशस्वी जायसवाल नॉन-स्ट्राइकर एंड से दौड़ चुके थे। वह एक रन लेना चाहते थे, लेकिन सैमसन क्रीज में ही थे। उन्होंने यशस्वी को वापस जाने के लिए कहा। तब तक मोहित शर्मा ने राशिद खान की ओर शानदार थ्रो कर दिया। यशस्वी क्रीज तक नहीं पहुंच सके। उन्हें राशिद ने रनआउट कर दिया।
राजस्थान रॉयल्स को तीसरा झटका सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। जोश लिटिल ने राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच करा दिया। सैमसन ने 20 गेंद पर 30 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और एक सिक्स लगाया। राजस्थान ने सात ओवर में तीन विकेट पर 61 रन बना लिए हैं।
राशिद खान ने गुजरात टाइटंस को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर रविचंद्रन अश्विन को क्लीन बोल्ड कर दिया। अश्विन छह गेंद पर दो रन ही बना सके। राशिद खान ने राजस्थान रॉयल्स को पांचवां झटका दिया। उन्होंने 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर रियान पराग को आउट कर दिया। रियान पराग इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे थे, लेकिन वह कुछ खास नहीं कर पाए। रियान पराग छह गेंद पर चार रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हो गए।
राजस्थान रॉयल्स को छठा झटका देवदत्त पडिक्कल के रूप में लगा। उन्हें 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर नूर अहमद ने क्लीन बोल्ड कर दिया। पडिक्कल ने 12 गेंद पर 12 रन बनाए। उन्होंने एक चौका लगाया। राजस्थान रॉयल्स को 14वें ओवर में सातवां झटका लगा। ध्रुव जुरेल को नूर अहमद ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। ध्रुव आठ गेंद पर नौ रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने एक चौका लगाया। इसके बाद 15वें ओवर में शिमरॉन हेटमायर को राशिद खान ने आउट कर दिया। हेटमायर 13 गेंद पर सात रन ही बना सके।
मोहम्मद शमी ने ट्रेंट बोल्ट को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को नौवां झटका दिया। बोल्ट ने 11 गेंद पर 15 रन बनाए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/8CgUyof
https://ift.tt/eEWNbpq