South Africa vs India, 3rd T20I: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुक़ाबला जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला गया। इस 'करो या मरो' मुक़ाबले में भारत ने पह बल्ले से और फिर गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 106 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने इस सीरीज को 1-1 से ड्रा करा दिया है।
यह अंतरराष्ट्रीय टी20 के इतिहास में रनों के अंतर से दक्षिण अफ्रीका की तीसरी सबसे बड़ी हार है। वहीं टी20 में दक्षिण अफ्रीका का यह दूसरा सबसे छोटा स्कोर है। भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव के तूफानी शतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका के सामने 202 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। जवाब में प्रोटीज़ टीम 13.5 ओवर में 95 रन पर सिमट गई।
दक्षिण अफ्रीका के लिए तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। डेविड मिलर ने 35, एडेन मार्करम ने 25 और डोनोवन फेरेरा ने 12 रन बनाए। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए। रवींद्र जडेजा को दो सफलता मिली। मुकेश कुमार और अर्शदीप सिंह ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए हैं। टीम के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शतक लगाया। सूर्य ने मात्र 56 गेंद पर 7 चौके और 8 सिक्स की मदद से 100 रन बनाए। सूर्य के अलावा यशस्वी जायसवाल ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 41 गेंद पर छह चौके और तीन सिक्स की मदद से 60 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा रिंकू सिंह ने 10 गेंद पर 14 और शुभमन गिल ने 6 गेंद पर 12 रनों का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने चार ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। महाराज के अलावा लिजाद विलियम्स ने भी दो विकेट लिए। वहीं तबरेज शम्सी और नंद्रे बर्गर को एक- एक सफलता मिली।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/bq49Tsn
https://ift.tt/zp68EqL