Mamata Banerjee On Sourav Ganguly: भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) आज अपने नए अध्यक्ष का ऐलान कर सकता है। इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष और दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली को लेकर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी से खास अपील की है। ममता बनर्जी ने पीएम से अनुरोध करते हुए कहा कि वह ये सुनिश्चित करें कि गांगुली को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का चुनाव लड़ने की अनुमति मिले। ममता ने कहा कि दादा एक लोकप्रिय व्यक्ति हैं और उन्होंने देश के लिए बहुत किया है।
ममता बनर्जी ने कहा, 'सौरव गांगुली हमारा गर्व हैं। वे कुशल प्रशासक रहे हैं। अमित शाह के बेटे बीसीसीआई में बने हुए हैं, लेकिन सौरव गांगुली को हटा दिया गया। हम जानना चाहते हैं कि आखिर इरादा क्या है?' ममता बनर्जी ने कहा कि भारत सरकार से अनुरोध है कि राजनीतिक रूप से निर्णय न लें बल्कि खेल के लिए फैसला लें। वह राजनीतिक दल के सदस्य नहीं हैं। ममता ने कहा, 'दादा को बीसीसीआई से हटाने की भरपाई उन्हें आईसीसी में भेज कर ही की जा सकती है। ऐसे में मेरी पीएम मोदी से अपील है कि वह सुनिश्चित करें कि गांगुली आईसीसी में जाएं। हमें उनपर गर्व है।'
इस बीच सौरव गांगुली ने कहा है कि वह बीसीसीआई अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। बीसीसीआई के सूत्रों के मुताबिक, गांगुली को आईपीएल चेयरमैन बनने का भी ऑफर दिया गया था। लेकिन उन्होंने इस ऑफर से इनकार कर दिया था।
बता दें आज मुंबई में बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (AGM) होने जा रही है। इस बैठक में बीसीसीआई चर्चा करेगी कि आइसीसी चेयरमैन पद के लिए उम्मीदवार खड़ा करना चाहिए या फिर मौजूदा चेयरमैन ग्रेग बारक्ले को ही दूसरे कार्यकाल के लिए समर्थन देना चाहिए। आइसीसी के शीर्ष पद के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है। आइसीसी बोर्ड की 11 से 13 नवंबर के बीच मेलबर्न में बैठक होगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/4dQpi7M
https://ift.tt/wWpKjXR