IND vs ZIM: राहुल और सूर्यकुमार यादव का तूफानी अर्धशतक, भारत ने ज़िम्बाब्वे को दिया 187 रनों का लक्ष्य

India vs Zimbabwe T20 world up 2022: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 का 42वां मुक़ाबला भारत और ज़िम्बाब्वे के बीच खेला जा रहा है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक की मदद से ज़िम्बाब्वे को 187 रनों का लक्ष्य दिया है।

भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 186 रन बनाए। केएल राहुल ने 35 गेंद पर तीन सिक्स और तीन चौकों की मदद से 51 रनों की पारी खेली। वहीं सूर्यकुमार यादव ने मात्र 25 गेंद पर छह चौके और चार सिक्स की मदद से नाबाद 61 रन बनाए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के कप्तान रोहित शर्मा मात्र 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें ब्लेसिंग मुजरबानी ने मसाकाद्जा के हाथों कैच कराया। इसके बाद विराट कोहली क्रीज पर आए। कोहली ने राहुल के साथ मिलकर भारत को मुश्किल से निकाला और दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 60 रन जोड़े। लेकिन तभी भारत को दोहरा झटका लगा।

12वें ओवर में शॉन विलियम्स ने विराट कोहली को रेयान बर्ल के हाथों कैच कराया। कोहली 25 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। विलियम्स की गेंद पर विराट बाउंड्री लगाने की कोशिश कर रहे थे और डीप मिड ऑफ में बर्ल को कैच थमा बैठे। इसके बाद 13वें ओवर में सिकंदर रजा की गेंद पर सिक्स लगाकर केएल राहुल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 22वां अर्धशतक पूरा किया। यह इस टूर्नामेंट में उनका पांचवां अर्धशतक है। इसके बाद अगली गेंद पर फिर से बड़े शॉट के चक्कर में राहुल कैच थमा बैठे।

इसके अगले ही ओवर में भारत को एक और झटका लगा। इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेल रहे ऋषभ पंत मात्र 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें शॉन विलियम्स ने रेयान बर्ल के हाथों कैच कराया। बर्ल ने डीप मिड ऑन में बेहतरीन कैच लपका। उन्होंने डाइव लगाकर कैच लिया। पंत को इस मैच में दिनेश कार्तिक की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया था।

इसके बाद सूर्यकुमार यादव का साथ हार्दिक पांड्या ने दिया और टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। दोनों ने पांचवे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए 36 गेंद पर 65 रन जोड़े। पांड्या आखिरी ओवर में 17 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें रिचर्ड एनगरवा ने ब्लेसिंग मुजरबानी के हाथों कैच आउट कराया। जिम्बाब्वे के लिए शॉन विलियम्स ने दो, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड एनगरवा और सिकंदर रजा ने एक- एक विकेट चटकाए।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/SaNOCRo
https://ift.tt/KmqCM3t

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box.

Previous Post Next Post