IPL 2023: सिक्स लगाने के मामले में KKR अव्वल, दिल्ली का हाल सबसे बुरा

ipl 2023 Sixes: आईपीएल 2023 में दर्शकों को खूब चौके-छक्के देखने को मिल रहा है। अब तक इस सीजन खेले गए 53 मैच में कुल 1545 चौके और 794 छक्के लग चुके हैं। कई टीमों के बीच टॉप 4 में पहुंचने का संघर्ष जारी है। गुजरात की टीम 16 अंकों के साथ लगभग क्वालीफाई कर चुकी है। लेकिन सर्वाधिक सिक्स लगाने के मामले में अभी कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज टॉप पर हैं। इस सीजन केकेआर एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने अपने सिक्स का आंकड़ा 100 के पार पहुंचाया है।


106 छक्के लगा चुके हैं

इस सीजन 11 मैच खेल चुकी केकेआर की टीम में कई बड़े विस्फोटक बल्लेबाज हैं। आंद्रे रसल, रिंकू सिंह, नितीश राणा, वेंकटेश अय्यर से लेकर जेसन रॉय जैसे बल्लेबाज इस टीम में शामिल हैं। जो लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए मशहूर हैं। अब तक इस सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने 11 मैचों में कुल 106 छक्के लगाए हैं। जो अन्य टीमों की तुलना में काफी ज्यादा है और यह एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने 100 के आंकड़े को छुआ है।

दिल्ली की टीम इस मामले में फिस्सडी

आईपीएल 2023 में सिक्स लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर धोनी की टीम है। जिनके बल्लेबाजों ने अब तक 11 मैचों में 93 छक्के लगाए हैं। इसके बाद तीसरे नंबर पर नाम आता है राजस्थान रॉयल्स का, इस टीम ने भी 11 मैचों में कुल 89 छक्के लगाए हैं। चौथे स्थान पर पंजाब किंग्स का नाम आता है। जिसके बल्लेबाजों ने अब तक कुल 87 छक्के लगाए हैं।इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों का नंबर आता है। जिन्होंने अब तक 83-83 छक्के लगाए हैं।

दूसरी ओर मौजूदा सीजन में सबसे कम छक्के लगाने वाली टीम की अगर बात करें तो इस तालिका में दसवें नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम है। जिसके बल्लेबाजों द्वारा अब तक केवल 42 छक्के ही लगाए गए हैं। इनकी ओर से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल। इनके बल्ले से अब तक 13 सिक्स लग पाया है।

यह भी पढ़ें: KKR के कप्तान राणा को भरना होगा 12 लाख जुर्माना, पंजाब के खिलाफ की थी बड़ी गलती
RCB के कप्तान डु प्‍लेसी ने लगाए हैं सर्वाधिक 29 छक्‍के

आईपीएल के मौजूदा सीजन में अब तक सर्वाधिक छक्‍के रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान फाफ डु प्‍लेसी ने लगाए हैं। डु प्‍लेसी ने अब तक 29 छक्‍के लगाए हैं। चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के बाएं हाथ के बल्लेबाज शिवम दुबे 24 छक्‍कों के साथ दूसरे और आरसीबी के ग्‍लेन मैक्‍सवेल 23 छक्‍कों के साथ तीसरे स्‍थान पर हैं।

लखनऊ सुपर जाइंट्स के काइल मेयर्स 22 छक्‍कों के साथ चौथे स्थान पर हैं। सीएसके के ऋतुराज गायकवाड़, राजस्थान के यशस्‍वी जायसवाल और केकेआर के रिंकू सिंह ने अब तक 21-21 छक्‍के लगाए हैं और ये तीनों संयुक्‍त रूप से पांचवें स्‍थान पर हैं।

यह भी पढ़ें: इस सीजन 'नो हिट मैन' रहे हैं रोहित शर्मा, मुंबई के लिए बन चुके हैं भार



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/dWkxvyu
https://ift.tt/oGaO8Kl

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box.

Previous Post Next Post